सफारी पर लगा रखा था पुलिस का लोगो
आरोपियों ने सफारी पर पुलिस का लोगो भी लगा रखा था। यही नहीं कार पर नीली बत्ती भी लगाए हुए थे। पहले दिन इसी को देखकर ढाबा संचालक व उसके कर्मचारी खौफजदा हो गए थे। गोपीगंज थाना प्रभारी सदानंद सिंह ने बताया कि सफारी का नंबर मिल गया है। वह प्रयागराज आरटीओ में पंजीकृत है। वाहन समेत चालक की तलाश की जा रही है।
डीसीपी कोर्ट से संबद्ध है एक आरोपी
सूत्रों ने बताया कि आरोपी दोनों सिपाहियों की तैनाती हंडिया थाने में है। हालांकि, इनमें से एक राम परवेश यादव वर्तमान में डीसीपी न्यायालय से संबद्ध है। गोपीगंज पुलिस ने बताया कि तीसरे आरोपी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि वह हंडिया थाना प्रभारी के लिए लिखापढ़ी का काम करता है और झूंसी में रहता है। इसके अलावा सफारी लेकर फरार होने वाला चालक गौरव श्रीवास्तव अल्लापुर का रहने वाला है।
प्रकरण जानकारी में आया है। फिलहाल भदोही पुलिस की ओर से रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलते ही दोनों सिपाहियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक भारती, डीसीपी गंगानगर