इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अंधेरी रात में गोली चलने की आवाज से आरोपी की पहचान करने वाले विवेचक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कोर्ट ने आगरा के पुलिस आयुक्त को निर्देश दिया है कि वह इस बात की जांच करें कि विवेचक के पास गोलीबारी की आवाज से किसी व्यक्ति को पहचानने की ऐसी असाधारण क्षमता कैसे है, जबकि उसने न तो आरोपी का चेहरा देखा था और न ही उसकी आवाज सुनी थी।
कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि जब अंधेरे के कारण विवेचक दो अन्य सह-आरोपियों की पहचान नहीं कर सका तो वर्तमान आरोपी की पहचान कैसे कर ली। यह आदेश न्यायमूर्ति हरवीर सिंह ने तुषार यादव की जमानत अर्जी पर दिया है। आगरा के जगदीशपुरा थाने में आरोपी तुषार यादव पर वर्ष 2025 में आपराधिक षडयंत्र, हत्या का प्रयास, अपमान करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज है। कोर्ट ने अपर महाधिवक्ता को विचारण की मौजूदा स्थिति रिकॉर्ड पर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
सुनवाई के दौरान विवेचक ने कोर्ट में बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर उसने आरोपी की पहचान कर ली थी और उसके बाएं पैर पर गोली चलाई थी। विवेचक के अनुसार अंधेरा होने के कारण वह मौके पर मौजूद दो अन्य सह-आरोपियों की पहचान नहीं कर सका। उसने यह भी बताया कि उसने अन्य आरोपियों पर गोली चलाना उचित नहीं समझा।
विवेचक के इस बयान को कोर्ट ने गंभीरता से लिया। कोर्ट ने कहा कि यह समझ से परे है कि विवेचक ने गोली चलने की आवाज से आरोपी की पहचान कैसे कर ली। कोर्ट ने आरोपी को अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।