शीतलहर का कहर जारी है और राहत मिलने की भी उम्मीद नहीं है। लोगों को मौसम ने फिर झटका दिया और रविवार को न्यूनतम पारा चार डिग्री से. पर जा पहुंचा। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार (28 दिसंबर) इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। आज अधिकतम पारा 15.8 डिग्री से. दर्ज किया गया। इसके पहले 25 दिसंबर को भी न्यूनतम पारा 4 डिग्री से. था, लेकिन उस दिन अधिकतम पारा 21.3 दर्ज किया गया था।
ठंडी पछुवा और पूर्व से आई नम हवा के गठजोड़ ने मौसम का मिजाज बिगाड़ दिया है। रविवार को भी घना कोहरा पड़ा। हालांकि, दोपहर बाद धूप निकलने से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन शीतलहर जारी रही। वातावरण में व्याप्त सौ फीसदी आर्र्दता ने सर्दी को और गंभीर बना दिया है। दूसरी ओर ठंड से मौतों का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। कौड़िहार प्रतिनिधि के मुताबिक कस्बे की राजकुमारी (55 वर्ष) की ठंड से मौत हो गई। वहीं हंडिया के सियाडीह गांव निवासी घनश्याम मौर्या (44 वर्ष) की भी ठंड से मौत हो गई। सोरांव निवासी सूर्यमणि तिवारी की पत्नी विमला (50) की भी ठंड के चलते जान चली गई। एक अन्य जानकारी के मुताबिक शहर के जीरो रोड स्थित एक मकान के चबूतरे पर 60 वर्षीय व्यक्ति लावारिस हालत में मृत पाया गया। पुलिस का मानना है कि बुजुर्ग की मौत ठंड लगने से हुई। दूसरी ओर मौसम विज्ञानी एवं प्रो. एसएस ओझा ने संभावना जताई कि मौसम का यह मिजाज अभी दो तीन और देखने को मिलेगा। उसके बाद ही थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। घने कोहरे के चलते रविवार सुबह विजिबिलिटी बेहद कम रही। स्थिति यह थी कि सड़कों पर हेड लाइट जलाए बगैर गाड़ी चलाना मुश्किल था। घने कोहरे के चलते कई वाहन आपस में टकराने से बाल बाल बचे। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नही हुआ। कोहरे का आलम यह था कि दोपहर में सूर्य निकलने के बाद भी कोहरा का असर कुछ खास कम नहीं हुआ।