इलाहाबाद। लेखपाल भर्ती परीक्षा के चलते रविवार को शहर में मानो जन सैलाब ही उमड़ पड़ा। छुट्टी के दिन सुबह से लेकर देर शाम तक शहर में भयानक जाम लगा रहा। पूरे शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। पैदल परीक्षार्थियों और गाड़ियों के चलते कई सड़कें ऐसा ठसाठस रहीं कि एक किलोमीटर का फासला पार करने में एक घंटे से ज्यादा वक्त लगा। बिन खाए-पिए धूप और उमस में कई घंटे तक पैदल चलने की वजह से तमाम परीक्षार्थी गश खाकर सड़क पर गिर भी गए। पुलिस भी इस जाम से जूझने को तैयार नहीं दिखी। नतीजा शहर के लोग कई घंटे जाम में फंसे रहे।
शहर में करीब पौने दो लाख परीक्षार्थियों की आमद के लिए यातायात पुलिस ने वैसी व्यवस्था नहीं की जैसी करने की जरूरत थी। नतीजा यह रहा कि रविवार सुबह आठ बजे से ही शहर में हर तरफ की प्रमुख सड़कों पर टेंपो-टैक्सी, सिटी बसों और रिक्शों का रेला उमड़ा तो जाम लग गया। हजारों परीक्षार्थियों को रेलवे स्टेशन से पैदल ही कई किलोमीटर परीक्षा केंद्र और फिर वहां से पैदल ही वापस भी लौटना पड़ा। परीक्षार्थियों से मनमाना किराया वसूली से होने वाली कमाई के चलते सभी टेंपो-टैक्सी सड़क पर उतर आए।
आलम यह हुआ कि शहर में ऐसा जाम लगा जैसा महाकुंभ के दौरान भी न दिखा था। रविवार को छुट्टी के दिन आमतौर पर दोपहर में तो सड़कों पर कुछ ही गाड़ियां दिखती हैं लेकिन अबकी रविवार को दोपहर में एक से लेकर शाम सात तक हाईकोर्ट, पानी टंकी चौराहा, लीडर रोड ओवरब्रिज, खुल्दाबाद, शाहगंज, लूकरगंज, राजरूपपुर, झलवा, सुलेमसराय, मुंडेरा, बमरौली, जानसेनगंज, लीडर रोड, नुरूल्ला रोड, रामबाग, मुट्ठीगंज, तेलियरगंज समेत तमाम इलाकों में ट्रैफिक ध्वस्त रहा। इस दौरान कई जगह परीक्षा देकर लौटते युवकों की राहगीरों से झड़प भी होती रही। धूमनगंज में युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई तो पुलिस पहुंची।
आमतौर पर राजरूपपुर-चकिया-झलवा रोड पर जाम नहीं लगता लेकिन रविवार को इश रोड पर सुबह से लगा जाम दोपहर में इस कदर मुश्किल भरा हुआ कि शाम सात बजे के बाद तक गाड़ियां रेंगती रही और पैदल चलना भी दूभर रहा। लीडर रोड पर स्टेशन के आसपास भी दिन भर बेहद खराब स्थिति रही। सुबह घर से निकलने के बाद भूखे-प्यासे परीक्षा देने के लिए पैदल जाने और पैदल लौटने की वजह से कई युवक-युवतियां बेहोश होकर गिरे भी। दोपहर से लेकर शाम तक एसपी ट्रैफिक राजकमल भी सीओ ट्रैफिक और कई थानों की पुलिस के साथ यातायात संभालने में परेशान रहे।
ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही के अलावा जाम लगने की एक वजह लोगों की नासमझी और ट्रैफिक के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया भी होता है। रविवार को भी दिन भर जाम के पीछे एक वजह स्मार्ट सिटी घोषित इलाहाबाद शहर के लोगों की नासमझी भी रही। कहीं भी लगे जाम में यह देखने को मिला कि लोगों ने आगे निकलने की हड़बड़ी में दूसरी तरफ से आने वाले ट्रैफिक का रास्ता बाधित कर दिया। नतीजा न तो उधर से गाड़ियां आ पा रहीं थी और न इधर से जा पा रहीं। कुछ सेकंड की जल्दबाजी में शहर के लोग ही जाम का कारण बनते हैं। शहर की सुविधाओं और विकास की तुलना अमेरिका से की जाती है लेकिन लोग खुद को अमेरिका के लोगों की तरह ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करते जो ज्यादा बेहतर होता।