अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण करने वाले मुस्लिमों का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के बैनर तले काफी मुस्लिमों ने मंदिर के लिए अपनी समर्पण निधि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश की मौजूदगी में संघ विचार परिवार के सदस्यों को दी। इस दौरान एक हजार से ज्यादा की राशि देने वालों को रसीद दी गई। जबकि कई ऐसे भी रहे जिन्होंने कूपन के माध्यम से निधि समर्पित की।
पुरानी झूंसी में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रयागराज के मुस्लिमों ने पूरी दुनिया को एक नया संदेश देने का भी काम किया। यहां मंच के कार्यकर्ता फुजेल अहमद के संयोजकत्व में जुटे मुस्लिमों ने निधि समर्पित की। इस अवसर पर फुजेल अहमद ने 21 हजार, सरफराज ने 2100, मो शालीन ने 2100 की राशि समर्पित की।
इसके अलावा वहां मौजूद कई अन्य मुस्लिमों ने निधि समर्पण में भागीदारी की। कार्यक्रम में वकार हुसैन, मोहम्मद परवेज, अशफाक, मोहम्मद नदीम, महबूब खान, यासमीन खान, नईम अंसारी, सैफुल अहमद, अकरे आलम खान, मुन्ने खान, मोहम्मद मेराज, शाबिर खान आदि ने बढ़चढ़ कर भागीदारी निभाई। यहां प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि हर इंसान में प्रभु श्रीराम का निवास है। भगवान जाति और संप्रदाय की सीमा में नहीं बंधते। कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचार प्रमुख अंबरीश, विमलेश आदि मौजूद रहे।
दस और सौ रुपये के कूपन से भी शुरू हुआ निधि संग्रह
एक हजार रुपये के बाद अब संघ विचार परिवार के सदस्यों ने सौ और दस रुपये के कूपन से भी धन संग्रह करना शुरू कर दिया है। सोमवार को न्याय नगर प्रयाग दक्षिण की प्रेमनगर बस्ती में श्रीराम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान में दस रुपये और सौ रुपये के कूपन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक अनिल एवं प्रयाग विभाग के विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र ने श्रीरामचंद्र की आरती से किया। इस दौरान क्षेत्र प्रचारक ने स्थानीय मोहल्ले के लोगों के घर- घर जाकर श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए निधि इकट्ठा की। कार्यक्रम में बस्ती के प्रवीण, अमित, पन्नालाल, रविपाल, नन्द लाल सुमन, कुसुम, रुचि भारतलाल, लालचन्द्र, राजाराम, महेश, अमृतलाल सोनी एवं नगर से नगर संघचालक उदय प्रकाश, सह नगर संघचालक एम एस बाजवा आदि मौजूद रहे।