थाना क्षेत्र अंतर्गत काजीपुर मोहल्ले में बृहस्पतिवार दोपहर को घर के अंदर कमरे में एक विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। नैनी पुलिस के साथ फाॅरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी के बीच शव को फंदे से उतरा गया। जिस कमरे में विवाहिता का शव लटक रहा था, वह कमरा खुला हुआ था। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
श्याम बाबू पटेल के पुत्र शिव दर्शन पटेल की शादी वर्ष 2023 में नबावगंज के मूसेपुर गांव निवासी मोती लाल की बेटी सविता पटेल (27) के साथ हुई थी। नैनी पुुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर परिवारवालों ने सूचना दी कि सविता कमरे के अंदर फंदे पर लटक रही है। उसकी ननद ने उसे लटकते हुए देखा और उतारने का प्रयास किया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा। खबर लिखे जाने तक किसी मायके वाले नहीं पहुंचे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगाया गया है। मायके वाले यदि कोई शिकायती पत्र देते है तो मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।