गोमुख से गंगा सागर तक की मुंडमाल गंगा परिक्रमा यात्रा मंगलवार को प्रयागराज पहुंच गई। इस दौरान हर 10-15 किमी पर प्रदूषण की जांच के लिए नमूने लिए गए। रास्ते भर गंगा में गिरने वाले नालों को चिह्नित किया गया। फिलहाल दोपहर बाद पहुंची इस यात्रा ने रात को फाफामऊ में पड़ाव ले लिया है। इस अभियान के दौरान दौरान गंगा की कुल 5900 किमी पदयात्रा पूरी की गई है। कहा जा रहा है कि यह अब तक की गंगा की सबसे बड़ी पदयात्रा है। बुधवार को यह यात्रा समुद्र कूप पहुंचेगी। वहां मां गंगा का सविधि पूजन होगा। मंगल कामना के लिए महाआरती के साथ दीपदान भी किया जाएगा। गंगा की अविरता-निर्मलता के लिए इस यात्रा अभियान को लगातार 11 वर्ष तक चलाने का संकल्प लिया गया है।
अतुल्य गंगा के संस्थापक पूर्व सैन्य अधिकारी गोपाल शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल हेम लोहमी, कर्नल मनोज केश्वर की ओर से मां गंगा को अविरल और निर्मल बनाने के लिए इस यात्रा की शुरुआत छह महीने पहले 15 दिसंबर 2020 को संगम तट से की गई थी। इस यात्रा के दौरान अतुल्य गंगा टीम की ओर से हर 10.15 किलोमीटर पर गंगा जल के प्रदूषण की जांच के लिए 12 पैरामीटर के तहत नमूने लिए गए। साथ ही गंगा मे गिरने वाले नालों को भी चिह्नित किया गया। इस यात्रा के साथ गंगा के किनारों पर हरित पट्टी के विकास के लिए वृक्षमाल अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के तहत गंगा के तटों पर पौधे भी रोपे गए।
वृक्षमाल अभियान ग्रीन इंडिया फाउंडेशन के विजय शुक्ला और कालेश्वर मिश्रा के नेतृत्व चलाया गया। यात्रा से जुड़े अभय मिश्र ने बताया कि गंगा तटों पर रोपे गए पौधों की हिफाजत के लिए संबंधित गांवों और बस्तियों के लोगों की जिम्मेदारी भी तय की गई है, ताकि उन पौधों को बचाया जा सके। इस अभियान के दौरान करीब 35 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं और 47000 पौधे वृक्ष प्रेमियों को बांटे गए हैं। इस अभियान के दौरान 76000 विद्यार्थियों और गंगा तट वासियों को ग्रीन इंडिया फाउंडेशन की टीम ने पौधे लगाने, अपनी सांसें खुद उपजाने का संदेश भी दिया।
गंगा यात्रियों का आज होगा अभिनंदन
गंगा यात्रियों का बुधवार को समुद्र कूप पर अभिनंदन किया जाएगा। इस अभियान को कामयाब बनाने में योगदान दे रहे योगेश शुक्ल, प्रयागराज फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक शेखर पांडेय समेत दर्जनों गंगा प्रेमी बुधवार को समुद्र कूप पर गंगा यात्रियों का अभिनंदन करेंगे। इस समारोह में दत्तात्रेय पांडेय, जितेंद्र शर्मा हितैषी, प्रमोद शर्मा, प्रतिमा मिश्रा, जयव्रत सिंह, मनोज त्रिपाठी, कृष्ण कुमार पांडेय, नीरज त्रिपाठी, रेणु सिंह, पी त्रिपाठी, बीएन दीक्षित, मनोज कुमार त्रिपाठी, शिवदास द्विवेदी, हरिकांत, हरि मोहन पांडेय, राकेश शुक्ल, राजेश शर्मा, राकेश शर्मा, अनुज मिश्रा समेत कई लोग शामिल होंगे।
मुंडमाल गंगा परिक्रमा यात्रा अधूरी छोड़ने का आरोप
मुंडमाल गंगा परिक्रमा यात्रा से जुड़े एक छायाकार ने मंगलवार को इस परिक्रमा पर उंगली उठाई। यात्रा के दौरान साथ रहे रोहित उमरांव ने अतुल्य भारत टीम की ओर से गंगा के दोनों तटों की यात्रा पूरी करने के दावे को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा गोमुख से 22 किमी पहले गंगोत्री से ही वापस हो गई है। रोहित ने बताया कि कासगंज में तबीय खराब होने और कोविड संक्रमित होने की वजह से वह आगे नहीं जा सके, लेकिन मुंडमाल यात्रियों की ओर से यात्रा अधूरी छोड़े जाने का उन्हें मलाल है।
59000 लंबी गंगा की पूरी की गई परिक्रमा
47000 पौधे पर्यावरण प्रेमियों को बांटे गए
76000 विद्यार्थियों को और गंगा तट वासियों को ग्रीन इंडिया का दिया गया संदेश
35000 पौधे अभियानकर्मियों की ओर से लगाए गए गंगा के तटों पर