इलाहाबाद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शनिवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। मंदिरों में कान्हा के जन्मोत्सव का उल्लास है। शहर में जगह-जगह गई आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। शुक्रवार को देर रात तक सजावट को अंतिम रूप दिया जाता रहा है।
अंतरराष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कान) काशीराजनगर, बलुआघाट स्थित मंदिर में जन्माष्टमी की सुबह मंगलाआरती से ही कान्हा जन्मोत्सव की धूम शुरू हो जाएगी। अध्यक्ष अद्वैत आचार्य दास की देखरेख में रात 11बजे चांदी के 108 कलशों से कान्हा का महाभिषेक होगा। उन्हें 108 व्यंजनों का भोग भी लगाया जाएगा। साढ़े बारह बजे महाआरती होगी उसके बाद महाप्रसादम बांटा जाएगा।
श्रीकटरा रामलीला कमेटी की ओर से कर्नलगंज स्थित रामवाटिका में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम होगी। भजन संध्या में राधामाधव संकीर्तन मंडली की बहनें भजन कीर्तन सुनाएंगी और हरिनाम संकीर्तन होगा।
शाहगंज स्थित श्रीआनंद बिहारी मंदिर में प्रधान पुजारी दिगंबर त्रिपाठी की देखरेख में सुबह चार बजे से जन्मोत्सव की धूम होगी। शाम को भजन कीर्तन भक्तों द्वारा किया जाएगा। मीरापुर स्थित हरि मंदिर में कान्हा जन्मोत्सव पर विविधतापूर्ण कार्यक्रम होंगे। दारागंज स्थित भगवान वेणी माधव मंदिर में महंत ओंकार देव गिरि की देखरेख में जन्माष्टमी मनाई जाएगी। गाड़ीवान टोला खुल्दाबाद स्थित राधा कुंज बिहारी मंदिर, रुपगौडीय आश्रम तुलारामबाग, निम्बार्क आश्रम, चौक गंगादास स्थित राधारमण मंदिर, कल्याणी देवी मंदिर, मुंशी राम की बगिया मुट्ठीगंज स्थित राधाकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी की धूम होगी।