खुद की बिजली से रोशन होगा प्रयागराज एयरपोर्ट
0 एयरपोर्ट में सोलर प्लांट लगाने की तैयारी शुरू, सालाना दो करोड़ की होगी बचत
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रयागराज एयरपोर्ट इसी वर्ष सौर ऊर्जा से लैस हो जाएगा। यहां 800 केवीए का सोलर प्लांट लगाने की कवायद चल रही है। इसके लगने के बाद एयरपोर्ट की सालाना तकरीबन दो करोड़ रुपये के बिजली के बिल की बचत होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सोलर प्लांट लगाने की स्वीकृति दे दी है।
प्रयागराज एयरपोर्ट का हर माह औसत 16 लाख का बिजली का बिल आता है। वर्ष भर में यहां बिजली की खपत दो करोड़ रुपये की है। अब यहां 800 केवी का सोलर प्लांट लगने से एयरपोर्ट अपनी जरूरत की बिजली का खुद ही इंतजाम कर लेगा। ऐसे में एयरपोर्ट प्रशासन की हर वर्ष दो करोड़ रुपये के बिजली के बिल की बचत भी होगी। पिछले दिनों ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने यहां सोलर प्लांट लगाने की मंजूरी दी है। अब एयरपोर्ट प्रशासन का राज्य सरकार के विद्युत विभाग की एनओसी का इंतजार है। एनओसी मिलते ही यहां सोलर प्लांट लगाने की कार्रवाई शुरू हो जाएगी। यहां लगाए जाने वाले सोलर प्लांट की अनुमानित कीमत चार करोड़ रुपये आंकी गई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष दिसंबर माह में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। वर्तमान समय यहां छह शहरों के लिए हर रोज सीधी फ्लाइट संचालित हो रही है। एयरपोर्ट निदेशक सुनील यादव के मुताबिक विद्युत विभाग की एनओसी मिलते ही सोलर प्लांट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा।