फूलपुर में सराफ से लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक बदमाश को मंगलवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि आत्मरक्षार्थ में की गई फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह जख्मी भी हुआ। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक किलो सफेद धातु के गहने और 5200 रुपये नकद बरामद किया गया है।
डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आराेपी रमेश सरोज प्रतापगढ़ के थाना जेठवारा के ग्राम सराय नाहर राय का रहने वाला है। फूलपुर के शेफखानपुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग भागने लगे। टीम के पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में आरोपी रमेश को गिरफ्तार क लिया गया जबकि, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग फरार हो गया।
पूछताछ में रमेश ने बताया कि 24 अगस्त को रात करीब 8:30 बजे फूलपुर के परसाडीह के पास सराफ शिवशंकर सोनी के साथ लूट की घटना उसने ही अपने दोस्तों के साथ की थी। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पर दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं जिनमें से एक केस धोखाधड़ी का है। मौके से फरार उसके साथी का पता लगाया जा रहा है।
बरामदगी
लूट की बिछिया 131, अंगूठी 47, चंद्रमा 40, लॉकेट 42, कान की बाली 01 जोड़ी, जन्तर 26 नग, पायल 18 जोड़ी (सफेद धातु का वजन करीब 01 किलो), 5200 रुपये नकद, तमंचा-कारतूस, एक बाइक।