थाना क्षेत्र के आवास विकास काॅलोनी योजना तीन के लाल चौक पर दो दिन पहले दो किशोरियों से की गई छेड़छाड़ का आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है। तहरीर दिए जाने के बावजूद झूंसी पुलिस ने शोहदे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं किया। यही नहीं अब तो उसे दबोचने की बजाए भुक्तभोगी पक्ष पर दबाव बनवाकर समझौता कराने के आरोप भी पुलिस पर लग रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है। बुलेट सवार शोहदे ने लालचौक पर की थी किशोरियों से छेड़खानी और घर तक उनका किया था पीछा। शोहदे की पूरी करतूत एक मकान के बाहर लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
थाना क्षेत्र के आवास विकास कालोनी योजना तीन निवासी दो किशोरियां,उसका छोटा भाई और दादी शुक्रवार की रात तकरीबन ग्यारह बजे झूंसी पुलिस बूथ पर अपने चाचा को खाने का टिफिन पहुंचाने गए थे। दोनों किशोरियों के चाचा कल ही कांवड़ लेकर काशी रवाना हुए थे। चाचा को खाने का टिफिन देने के बाद दोनों किशोरियां, उसका छोटा भाई और दादी पैदल घर लौट रहे थे।