प्रयागराज में मंगलवार को दिनभर छाई रही धुंध।
- फोटो : prayagraj
मौसम हर दिन बदल रहा रंग, सुबह घना कोहरा, आज भी बारिश के आसार
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बेमौसम की बारिश के आसार अभी बने हैं। मंगलवार को तापमान में भारी उठापटक बनी रही। एक बार धूप झलक दिखाकर गुम हुई तो दिन भर बादलों संग धुंध डेरा जमाए रही। दिन का तापमान लुढ़का तो रात का उछाल पर रहा। गलन सुस्ती पकड़े रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी तीन से चार दिन बादल छाए रहेंगे। कोहरा घना होगा। कहीं-कहीं बूंदाबांदी तो कहीं रिमझिम बारिश हो सकती है।
मंगलवार की सुबह कोहरे की चादर ओढ़े रही। कुछ देर के लिए सूरज निकला तो बादलों ने उसे अपनी ओट में छिपा लिया। लुकाछिपी के इस खेल में सूरज गुम हुआ और बादलों का डेरा बना रहा। बादलों के साथ-साथ धुंध दिन भर शाम का एहसास कराती रही। तापमान में काफी उतारचढ़ाव बना रहा।
अधिकतम तापमान बादलों की वजह से करीब छह डिग्री लुढ़ककर 27.7 डिग्री से 22.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रातों में हाड़ कंपाने वाली ठंड से फौरी राहत मिली। रात का पारा भी मामूली अंतर के साथ 13.6 डिग्री से बढ़कर 15 डिग्री सेल्सियस पर आकर टिका। वहीं वातावरण में नमी का स्तर असंतुलित रहा। आर्द्रता अधिकतम दिन में 90 तो रात में 99 और न्यूनतम 72 से 85 प्रतिशत रही।
मौसम विज्ञानी प्रोफेसर एचएन मिश्रा के मुताबिक पहाड़ों पर बर्फबारी का यहां असर डाल रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और उत्तर पश्चिमी चक्रवाती हवाओं के दबाव से मौसम करवट ले रहा है। अभी बदरी, बारिश के आसार बने हैं। तापमान में उछाल बारिश का कारण और नमी का बढ़ना ठंड के कड़क होने का संकेत है।