भीषण गर्मी और धूप की वजह से बच्चे और बुजुर्ग उल्टी-दस्त और डायरिया के शिकार हो रहे हैं। गर्मी में सबसे ज्यादा दिक्कत बच्चों को रही है। चिल्ड्रेन समेत अन्य अस्पतालों में हफ्ते भर से रोजाना करीब 15 से 20 बच्चे उल्टी-दस्त और डायरिया के आ रहे हैं। वहीं, बुजुर्ग भी गर्मी में खासा परेशान हैं। बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी में बच्चों को ओआरएस का घोल पिलाते रहें, ताकि पानी की कमी न होने पाए।
डॉक्टरों ने कहा कि दाल का पानी, दलिया व अन्य तरल पदार्थ बच्चों को अधिक मात्रा में दें। इसके बाद भी आराम न मिले तो डॉक्टर से मिलें। इस बीच रविवार को भी गर्मी का सितम जारी रहा। हालांकि अधिकतम तापमान की जगह न्यूनतम तापमान में बढ़त दर्ज की गई। वहीं, मौसम के जानकारों का कहना है कि सोमवार को इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इस वजह से अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है।
गर्मी से बचाव के कारगर टिप्स
1-बच्चों को दिन भर में कई बार पानी पिलाएं। नारियल पानी और नींबू पानी भी अच्छा विकल्प है।
2-हल्का और पौष्टिक खाना खिलाएं। खाने में फल, सब्जियां, दही और छाछ को शामिल करें।
3-हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहने।
4-दोपहर में बाहर जाने से बचें।
5-बच्चों को पंखे या कूलर के नीचे रखें।
6- धूप में निकलने से पहले बच्चों को सनस्क्रीन जरूर लगाएं।
7-बुजुर्गों को दिन भर में 3-3.5 लीटर पानी पिलाएं।
8-हल्का, पाचन में आसान और पौष्टिक खाना दें।
9-बुजुर्ग दोपहर में धूप में बाहर जाने से बचें।