प्रयागराज लगातार तीसरे दिन यलो जोन में रहा। बृहस्पतिवार को सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाका तेलियरगंज रहा। यहां का पीएम 2.5 का स्तर 250 के ऊपर एक्यूआई (वायु गुणवत्ता सूचकांक) रहा। झूंसी और तेलियरगंज का पीएम 2.5 का स्तर भी 200 के आसपास रहा।
बृहस्पतिवार को वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों के चलते उड़ने वाली धूल और हवा की गति धीमी होने एवं कोहरे के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रयागराज में बृहस्पतिवार को तड़के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 200 के आसपास था, जबकि बीते एक सप्ताह तक यह अधिकतम 300 के ऊपर बना हुआ था। बृहस्पतिवार को औसत एक्यूआई 250 दर्ज किया गया, जो बुधवार से बढ़ा हुआ था।
बृहस्पतिवार को तेलियरगंज में एमएनआईटी में लगाई गई लाइव सेंसर मशीन ने शाम छह बजे पीएम 2.5 का स्तर 255 दर्ज किया जबकि पीएम 10 का स्तर 132 रहा। दूसरे नंबर पर झूंसी इलाका रहा। यहां पीएम 2.5 का स्तर 195 और पीएम 10 का स्तर 150 दर्ज किया गया।
नगर निगम कार्यालय में लगी लाइव सेंसर मशीन ने शाम को छह बजे सिविल लाइंस का पीएम 2.5 का स्तर 194 और पीएम 10 का स्तर 139 दर्ज किया।
लाइव सेंसर मशीनों की देखरेख स्वॉन इनवार मेंटल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी करती है। कंपनी के सर्विस इंजीनियर शुभम सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण वायु प्रदूषण बढ़ा है।