कोखराज के अहिरारा गांव के मजरा शिवपुर में बृहस्पतिवार दोपहर एक किशोरी ने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक नीचे नहीं आने पर मां और छोटी बहन उसे देखने पहुंची तो कमरे में उसका शव छत के चुल्ले में बंधे दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अहिरारा गांव निवासी काजल (17) के पिता शिवबली पटेल की पहले ही मौत हो चुकी है। मां अलका देवी ने बताया कि छोटी बेटी आंचल के साथ घर के निचले हिस्से में कुछ काम कर रही थीं। काफी देर तक काजल के नीचे नहीं आने पर वह बेटी के साथ दूसरी मंजिल पर पहुंची। कमरे का दृश्य देखकर मां और बहन चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के अनुसार काजल के पिता की वर्ष 2016 में मौत हो चुकी है। इसके बाद से मां अलका देवी मेहनत-मजदूरी कर दोनों बेटियों का पालन-पोषण कर रही थीं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मां के कंधों पर ही थी। किशोरी ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी परिजनों को नहीं हो सकी।
सूचना मिलने पर कोखराज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
काजल की फाइल फोटो
काजल की फाइल फोटो