क्षेत्र के तीनोतारा मटियारा गांव के पास एक ईंट-भट्ठे पर उस समय चीख-पुकार मच गया, जब मिट्टी की पेराई कर रही पोकलेन मशीन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। किशोर खेल-खेल में मशीन के करीब चला गया था, जहां पलक झपकते ही वह मशीन में फंस गया। मशीन ऑपरेटर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रतापगढ़ जनपद के संग्रामगढ़ थाना अंतर्गत अस्थवा गोविंद नगर (मनगढ़) निवासी बब्लू सरोज अपनी पत्नी विमला देवी, दो बेटों विवेक (16) व विष्णु के साथ नवाबगंज थाना क्षेत्र के तीनोतारा मटिया गांव के पास एक ईंट भट्ठे पर पथाई का काम करते थे। विवेक भाइयों में सबसे बड़ा था और भट्ठे पर ही माता-पिता के काम में हाथ बंटाता था।
मंगलवार शाम करीब छह बजे भट्ठे पर ट्रैक्टर से जुड़ी पोकलेन मशीन से कच्ची ईंटों के लिए मिट्टी तैयार की जा रही थी। बब्लू व उनका परिवार पास में ही ईंटों की पथाई कर रहे थे। इसी बीच विवेक खेलते हुए अचानक मशीन के पास पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोर ने जिज्ञासावश चलती हुई मशीन में हाथ लगा दिया। मशीन की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसे संभलने का मौका ही नहीं मिला और उसका हाथ फंसते ही पूरा शरीर मशीन के अंदर खिंच गया। हादसा देख आसपास के मजदूरों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक मशीन रोकी जाती, उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना के बाद मशीन ऑपरेटर गाड़ी छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।