कौंधियारा थाना के नचना गांव में संदिग्ध परिस्थिति में मिला साक्षी तिवारी का शव
क्षेत्र के नचना गांव में सोमवार रात 17 वर्षीय साक्षी तिवारी पुत्री अवनीश तिवारी का शव घर के पीछे बने शौचालय के बाहर मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है।
मृतका की मां संगीता ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे साक्षी घर से बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस न आने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। बाहर जाकर देखने पर वह शौचालय के पास अचेत पड़ी थी। उसके शरीर का रंग काला पड़ चुका था। मृतका की मां का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व मृतका के बड़े भाई पर भी जानलेवा हमला हुआ था, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
घटना की सूचना पर एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। परिजन दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मृतका दो भाई-बहनों में दूसरे स्थान पर थी। उसके पिता और भाई मुंबई में नौकरी करते हैं।