थाना क्षेत्र के पुरानी झूंसी कोहना में गंगा के किनारे बृहस्पतिवार की शाम बढ़े हुए जलस्तर में नहाने के दौरान 17 वर्षीय किशोर अलफैज पुत्र चमन निवासी झूंसी कोहना गंगा में डूब गया। घटना की जानकारी झूंसी पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची। बाद में गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया गया लेकिन अंधेरा होने के बाद भी किशोर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
झूंसी पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की शाम तकरीबन 6:30 बजे पुरानी झूंसी कोहना निवासी अलफैज बाढ़ देखने के लिए पहुंचा था। वह नई झूंसी स्थित इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र है। इसी दौरान वह गहरे पानी में नहाने के लिए उतर गया। तभी उसका पैर फिसला और वह गहरे पानी में डूबने लगा। किशोर के डूबने की जानकारी उनके परिजनों को हुई तो कोहराम मचा रहा। सभी रोते बिलखते गंगा तट के किनारे पहुंच गए थे। मौके पर स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जुट गई थी। छतनाग चौकी इंचार्ज दीपक जायसवाल ने बताया कि किशोर की तलाश की जा रही है।