शनिवार को टोल कर्मियों से पूछताछ करती टीम। संवाद
कोखराज टोल प्लाजा पर हुए भीषण अग्निकांड के दूसरे दिन शनिवार को गैस रिसाव की आशंका से आसपास के लोगों में फिर से दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टैंकर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान टैंकर का वाॅल्व खुला मिला। इससे गैस जैसी दुर्गंध आ रही थी। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने टैंकर में पानी भरने का फैसला लिया है।
जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान टैंकर का वाॅल्व खुला मिला। इसके कारण गैस की दुर्गंध महसूस हो रही थी। टैंकर काफी बड़ा होने के कारण उसमें बची हुई थोड़ी-बहुत गैस या गैस के अवशेष के कारण दुर्गंध आ सकती है। हालांकि प्रारंभिक जांच में टैंकर में गैस नहीं बची है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि लोगों की आशंका को देखते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की टीम की ओर से कानपुर से विशेष वाॅल्व मंगाया जा रहा है। वाॅल्व उपलब्ध होते ही शनिवार रात टैंकर में पानी भर दिया जाएगा। इससे किसी भी तरह की संभावित आशंका पूरी तरह समाप्त हो सके।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को भी आईओसीएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। फिलहाल कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञ टैंकर और उसके उपकरणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
जांच पूरी होने के बाद एक से दो दिन के भीतर टैंकर को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से हटाया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
शनिवार को टोल कर्मियों से पूछताछ करती टीम। संवाद