पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के शिक्षकों ने रविवार को आवाज बुलंद की। एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने सर्किट हाउस में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने 2004-05 बैच के बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की।
शिष्टमंडल ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सदन में घोषणा किए जाने के बाद भी बेसिक शिक्षा विभाग के करीब 36-37 हजार शिक्षक पुरानी पेंशन के लाभ से वंचित हैं। शिक्षकों ने कहा कि अन्य विभागों में 2004-05 बैच के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से आच्छादित किए जाने की कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी इसका लाभ दिया जाना चाहिए।
एसोसिएशन ने अनुरोध किया कि शिक्षकों की पुरानी पेंशन बहाल कर उनका बुढ़ापा सुरक्षित किया जाए। एसोसिएशन के अनुसार करीब चार से पांच हजार महिला व पुरुष शामिल रहे। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली के समर्थन में नारे लगाकर सरकार से मांग पूरी करने की अपील की। शिष्टमंडल में करतार सिंह, आमोद श्रीवास्तव, अनुरागिनी सिंह, प्रशांत ओझा, शशिकांत, राजकुमार शुक्ल, अजय कुमार पांडेय, कुलदीप, सरिता सिन्हा, कल्पना शुक्ला, अलका जायसवाल आदि मौजूद रहीं।