प्रदेश भर के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के करीब 50 हजार शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अगले तीन माह के वेतन के लिए शासन ने रकम जारी कर दी है। पहली किस्त के रूप में कुल 15 अरब 70 करोड़ 98 लाख 62 हजार 500 रुपये अवमुक्त किए हैं। इस रकम से इलाहाबाद के 23 विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को फरवरी माह के वेतन का भुगतान हो सकेगा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ शैलेश कुमार पांडेय के मुताबिक अब जनपदवार शीघ्र धन आवंटन के लिए वित्त नियंत्रक पर दबाव बनाया जाएगा।
पूरे प्रदेश में 4500 एडेड विद्यालयों में करीब 50 हजार शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी कार्यरत हैं। इनके वेतन के लिए शासन से पूरे वर्ष में चार किस्तों में रकम जारी होती है। इसके तहत पहली किस्त के रूप में मार्च, अप्रैल, मई के लिए जारी की गई है। इसके बाद मई में जून, जुलाई, अगस्त, फिर अगस्त में सितंबर, अक्तूबर नवंबर और नवंबर में दिसंबर, 2018 के जनवरी एवं फरवरी माह के लिए वेतन की धनराशि जारी की जाती है। बजट के अभाव में शिक्षकों को जनवरी पेड फरवरी का वेतन भी अब तक नहीं मिला है, जबकि फरवरी पेड मार्च का वेतन बजट की प्रत्याशा में जारी किया गया। अकेले इलाहाबाद जिले के 23 एडेड विद्यालयों के शिक्षकों फरवरी माह का वेतन नहीं मिला है।