हार्ट अटैक के बढ़ते खतरे से बचाव के उपाय
- फोटो : istock
सूर्य नमस्कार करते समय मंगलवार की सुबह दिल का दौरा पड़ने से एक शिक्षक की मौत हो गई। वह अपने मित्रों के साथ कर्जन ब्रिज पर योग-अभ्यास कर रहे थे। नाक-मुंह के खून आने के बाद आनन-फानन में उन्हें तेज बहादुर सप्रू अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से एसआरएन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी तेलियरगंज में अपनी ब्यूटीशियन पत्नी डॉली के साथ रहते थे। शुगर होने के कारण वह सेहत को लेकर सजग रहते थे। रोज की तरह मंगलवार की सुबह भी वह अपने मित्रों ज्ञान बहादुर और शिव बहादुर के साथ कर्जन ब्रिज पर योग करने पहुंचे। तेलियरगंज में ब्रिज के ऊपर वह योग कर रहे थे। बताते हैं कि सूर्य नमस्कार के समय अचानक उन्हें दिल का दौरा आ गया। वह अपने मित्रों के बीच योग करते समय ही लुढ़क कर गिर गए और उनके नाक से खून बहने लगा।
इसके बाद दोस्तों ने उन्हें टीबी सप्रू अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इशके बाद परिवार में कोहराम मच गया। रसूलाबाद घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।