इलाहाबाद। आयकर दफ्तर में बृहस्पतिवार को काम नहीं हुआ। आयकर कर्मचारी महासंघ और ईस्टर्न यूपी सर्किल के आह्वान पर पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में यहां आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ, आयकर कर्मचारी महासंघ वर्ग ग और घ के कर्मचारी दिन भर हड़ताल पर रहे। यहां दिन भर विभागों में ताला लगा रहा। इस वजह से आम करदाता अपना आयकर रिटर्न भी जमा नहीं कर सके। लोगों को यहां खासी परेशानी भी हुई।
अपनी तमाम मांगों को लेकर आयकर कर्मी लंबे समय से आंदोलित हैं। कोई सुनवाई न होती देख कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को काम बंद कर दिया। इस दौरान आयकर दफ्तर में दोपहर में एक सभा हुई। सभा में राजपत्रित अधिकारी संघ के केएन सोनकर ने कहा कि बोर्ड की कर्मचारी विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाना चाहिए। सभा में आईटीईएफ इलाहाबाद शाखा के अध्यक्ष योगेश्वर राय ने कर्मचारियों से कहा कि हम सभी केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर संघर्ष के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।
सभा में आयकर सहायक आयुक्त संवर्ग में वर्ष 2015-16 तक की सभी नियमित एवं सीआरसी रिक्तियों पर पदोन्नति देने की मांग जोर शोर से की गई। इसके अलावा भी अफसरों एवं कर्मचारियों को बुनियादी सुविधाएं दिए जाने, नियमित कार्यों में आउटसोर्सिंग रोके जाने एवं रिक्त पदों को भरे जाने की मांग भी की गई। सभा में आयकर विभाग में दस वर्ष की सेवा पूरी करने वाले दैनिक वेतनभोगी, आकस्मिक श्रमिकों को एमटीएस पदों के सापेक्ष नियमित करने को कहा गया। इस मोके पर टीएन यादव, एके सिंह, आरके सिंह, चंदीलाल, अरूप मुखर्जी, सर्चिल कुमार आदि मौजूद रहे।