फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रवासी श्रमिकों को लेकर आज दुर्ग जाएगी ट्रेन

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रयागराज से छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर के लिए श्रमिकों एवं अन्य लोगों को लेकर सोमवार की शाम पहली स्पेशल ट्रेन रवाना होगी। इस ट्रेन की रवानगी प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से होगी। ट्रेन रवानगी का संभावित समय शाम छह बजे रखा गया है। इस ट्रेन से 1800 लोगों को ले जाने की बात कही गई है। स्पेशल ट्रेन के लिए जिला प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ सरकार को 8.56 लाख रुपये का भुगतान रेलवे को करने के लिए कहा गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से पत्र भी भेजा गया है।
विज्ञापन

स्पेशल ट्रेन सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से शाम छह बजे चलाने का समय निर्धारित किया गया है। यह गाड़ी वाया फतेहपुर, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कटनी होते हुए बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर एवं दुर्ग तक जाएगी। जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी की ओर से छत्तीसगढ़ के सचिव श्रम एवं संसदीय कार्य विभाग को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि इससे जाने वाले प्रति यात्री किराया 535 रुपये निर्धारित किया गया है। ट्रेन में अधिकतम 1800 यात्री रवाना किए जा सकते हैं। इसका कुल किराया 8.56 लाख रुपये होगा। यह भुगतान छत्तीसगढ़ सरकार को रेलवे विभाग के बैंक खाते में करना होगा।
उधर, एनसीआर के सीपीआरओ अजीत कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक प्रयागराज में सिर्फ बाहर से ही ट्रेनें आ रही हैं। सोमवार को यहां से पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन बाहर भेजी जा रही है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि ट्रेन को कानपुर स्टेशन से नहीं गुजारा जाएगा। उसे सीधे गोविंदपुरी, भीमसेन जंक्शन के रास्ते चित्रकूट की ओर रवाना कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को रामवाटिका कर्नलगंज में एकत्र कर बस द्वारा खेलगांव पब्लिक स्कूल भेजा जाएगा। वहां जिला प्रशासन सभी यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर उन्हें बस से सूबेदारगंज स्टेशन लाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें