जूते बाहर निकालिए... हेयर बैंड भी उतार दीजिए... जेब में कुछ नहीं होना चाहिए। रविवार सुबह शहर के नीट पुनर्परीक्षा केंद्रों के बाहर यही आवाजें सबसे ज्यादा सुनाई दे रही थीं। गेट पर बायोमीट्रिक सत्यापन, पहचान पत्र से जांच और एक-एक कर सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को प्रवेश मिला।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नीट पुनर्परीक्षा जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ दिखाई दी। निर्धारित समय से काफी पहले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने बताया कि इस बार का प्रश्नपत्र संतुलित था लेकिन भौतिक विज्ञान (फिजिक्स) के प्रश्नों ने उनकी मुश्किलें बढ़ाईं। वहीं, जीव विज्ञान (बायोलॉजी) और रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के प्रश्न अपेक्षाकृत सरल रहे।
साथियों से उत्तरों पर चर्चा करते रहे अभ्यर्थी
केंद्रों के बाहर परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी अपने साथियों के साथ उत्तरों पर चर्चा करते नजर आए। अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली। परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली और सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही।
इन वस्तुओं पर रहा पूरी तरह प्रतिबंध
-परीक्षा केंद्रों के बाहर प्रतिबंधित वस्तुओं की लिस्ट चस्पा की गई थी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, कैमरा, माइक्रोफोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, नोट्स, कागज, पर्स, धातु से बने उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहे।
ऐसे पूछे गए सवाल
- मेंडल के प्रथम नियम का सही कथन कौन-सा है?
- किस यौगिक में हाइड्रोजन बॉन्डिंग सबसे अधिक प्रभावी होती है?
- ऑर्गेनिक अभिक्रिया का अंतिम उत्पाद क्या होगा?
- दो कैपेसिटर श्रेणीक्रम में जोड़ने पर समतुल्य धारिता कितनी होगी?
- फोटोइलेक्ट्रिक प्रभाव में प्रकाश की आवृत्ति बढ़ाने पर किस राशि में परिवर्तन होगा?
बायोलॉजी और केमिस्ट्री के सवाल उम्मीद के मुताबिक थे लेकिन फिजिक्स में कई कॉन्सेप्ट आधारित और न्यूमेरिकल प्रश्न थे। इन्हें हल करने में ज्यादा समय लगा। -वेद प्रकाश, अभ्यर्थी
पेपर का स्तर ठीक था। फिजिक्स ने मुश्किल बढ़ा दी। कुछ सवालों पर दोबारा सोचना पड़ा जबकि बायोलॉजी का सेक्शन अपेक्षाकृत आसान रहा। -आलोक, अभ्यर्थी
सुरक्षा जांच काफी सख्त थी। जूते और हेयर क्लिप तक उतरवाए गए। परीक्षा की बात करें तो केमिस्ट्री आसान लगी लेकिन फिजिक्स में समय कम पड़ गया। -साक्षी सिंह अभ्यर्थी