sweeper murdered with a sharp weapon
- फोटो : NAINI
घर से सौ मीटर दूर पुराने सगरा पर गए सफाईकर्मी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। कटी हुई गर्दन को पकड़े हुए घायल सफाईकर्मी घर के दरवाजे तक पहुंचा और पर गिर कर तड़पने लगा। तड़पते हुए युवक को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस कार्यवाही में जुटी।
भारतगंज कस्बा वार्ड नं छह मंगलवारी बाजार निवासी साजन कुमार (20) पुत्र राजेश कुमार नगर पंचायत में संविदा सफाईकर्मी के पद पर तैनात था। साजन के पिता राजेश मुजफ्फरनगर में विद्युत विभाग के कर्मचारी हैं। वहीं बड़ा भाई सूरज भी नगर पंचायत में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत है।
कोरोना के चलते मेजा रोड में बनाए गए अस्थाई क्वारंटीन सेंटर पर साफ-सफाई के लिए साजन कुमार की ड्यूटी लगाई गई थी। बुधवार को शाम लगभग पांच बजे साजन ड्यूटी कर मेजा रोड से भारतगंज कस्बे अपने घर लौटा था। जिसके बाद घर से लगभग सौ मीटर दूर स्थित पुराना सगरा पर शौच के लिए निकला था। शाम लगभग साढ़े सात बजे पुराना सगरा पर साजन (20) की गर्दन धारदार हथियार से रेत दी गई। तड़पता और खून से सराबोर हुआ साजन कुमार घर की तरफ भागा और घर के दरवाजे पर पहुंच जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा।
घर के अंदर मौजूद उसके मामा मिठ्ठू व भाई हिमांशु घर से बाहर निकले और उसे तड़पता देख अवाक रह गए। आनन-फानन में परिजन उसे लाद कर इलाज के लिए सीएचसी मांडा पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने साजन कुमार (20) को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पुराना सगरा से लेकर घर तक खून के छींटे बिखरे पड़े मिले है। वहीं घटना स्थल पुराना सगरा पर नमकीन का पैकेट व खुली नमकीन बिखरी मिली है। परिजन डॉग स्क्वायड बुलाने और हत्यारों के पकडे़ जाने की मांग कर रहे थे। परिजनों को शांत कराकर पुलिस ने लाश अपने कब्जे में लेकर पीएम हेतु शहर भेज दिया। मामले में पुलिस को किसी प्रकार की तहरीर नही दी गई है। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नम्बर पर था। बड़ा भाई सूरज व छोटा भाई हिमांशु का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतक की बड़ी बहन कोमल व छोटी बहन शिवानी को रोता बिलखता देख पड़ोसी भी भावुक हो पड़े।