लूट, हत्या का खुलासा न करने पर स्वॉट टीम भंग
सभी को पुलिस लाइन में आमद कराने का एसपी ने सुनाया फरमान
स्वॉट टीम में तीन दरोगा समेत तेजतर्रार सिपाही किए गए थे तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले में लूट व सनसनीखेज हत्याओं का खुलासा करने में नाकाम स्वॉट टीम को पुलिस अधीक्षक ने भंग कर दिया। जिससे पुलिस महकमे में खलबली मची रही। सभी को पुलिस लाइन में आमद कराने का एसपी ने फरमान सुुनाया। स्वाट टीम में तीन दरोगा के साथ ही तेजतर्रार सिपाहियों को लगाया गया था।
जिले में लूट व हत्या की पुरानी घटनाओं के साथ ही बाघराय में दो दिन पहले हुई फाइनेंसकर्मी से पौने दो लाख की लूट की घटना का खुलासा करने के लिए स्वॉट टीम को लगाया गया था। टीम के सदस्य बराबर भागदौड़ भी कर रहे थे, लेकिन कामयाबी नहीं मिल रही थी। एसपी अभिषेक सिंह ने स्वॉट टीम को अलग-अलग कर टारगेट दिया था, लेकिन सभी टीमों को कामयाबी नहीं मिल सकी। इससे एसपी का पारा रविवार को गरम हो गया। उन्होंने स्वॉट टीम में तैनात दरोगा व सिपाहियों को लाइन में आमद कराने का आदेश सुना दिया। कहा कि सभी लोग अगले आदेश तक लाइन में रहेंगे। स्वाट टीम के प्रभारी रहे सुनील यादव का तबादला फतेहपुर के लिए हो गया है। मौजूदा समय में उपनिरीक्षक नन्हेलाल यादव और प्रमोद सिंह के नेतृत्व में टीम के सदस्य काम कर रहे थे। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि स्वाट टीम को भंग कर दिया गया है। कुछ दिनों में नई टीम का गठन होगा।