रेलवे प्रशासन ने गर्मी की छुट्टियों में लंबी दूरी की तमाम ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची को देखते हुए अब कोलकाता और बंगलूरू के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाए जाने का शेड्यूल जारी किया है। कोलकाता के लिए समर स्पेशल कानपुर से व बंगलूरू के लिए समर स्पेशल गोरखपुर से संचालित होगी। दोनों ही ट्रेनें प्रयागराज में रुकेंगी। कानपुर से समर स्पेशल 04153 का संचालन 10 अप्रैल से 30 जून तक प्रत्येक सोमवार व बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे होगा। शाम 4.40-4.50 बजे ट्रेन प्रयागराज जंक्शन पहुंचेंगी। यहां से मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, सासाराम रुकते हुए ट्रेन अगले दिन सुबह 7.50 बजे कोलकाता पहुंच जाएगी।
वापसी में कोलकाता से 04154 की रवानगी प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार 11 अप्रैल से एक जुलाई की सुबह 10.45 बजे होगी। रात 1.05-1.10 बजे ट्रेन प्रयागराज जंक्शन और सुबह 4.30 बजे कानपुर पहुंच जाएगी। इसी तरह 06529 बंगलूरू से प्रयागराज जंक्शन के रास्ते गोरखपुर के लिए स्पेशल ट्रेन सोमवार 12, 19 व 26 मई की शाम सात बजे चलकर बुधवार रात 9.55-10.00 बजे प्रयागराज एवं सुबह 6.40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर से 06530 की रवानगी शुक्रवार 16, 23 व 30 मई की शाम पांच बजे होगी। जो रात 1.15-1.20 बजे प्रयागराज व सोमवार सुबह 8.15 बजे बंगलूरू पहुंचेंगी। प्रयागराज से यह ट्रेन वाया कानपुर, झांसी, बीना, मनमाड, पुणे, हुबली होते हुए जाएगी।
रांची के लिए आज चलेगी वनवे स्पेशल ट्रेन
प्रयागराज जंक्शन से रांची के लिए शनिवार को वनवे स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। रात आठ बजे गाड़ी संख्या 04158 की रवानगी जंक्शन से होगी। पंडित दीन दयाल उपाध्याय, डेहरी ऑन सोन, गया, मुरी रुकते हुए ट्रेन सोमवार सुबह 11.50 बजे रांची पहुंचेगी।