घरेलू कलह से ऊबे अधेड़ ने लगाई फांसी
प्रयागराज। थाना करेली के आदमपुर, मदारीपुर गांव निवासी एक अधेड़ ने देर-रात फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे चीरघर भिजवा दिया। जानकारी के मुताबिक राधेश्याम निषाद मदारीपुर में पत्नी गायत्री एवं चार बेटों के साथ रहता था लेकिन घर में उसकी बनती नहीं थी। पत्नी का बच्चों के साथ भी विवाद होता रहता था। रोजना की कलह से राधेश्याम ऊब गया। मंगलवार रात खाना खाकर वह अपने कमरे में चला गया। आज सुबह जब वह बाहर नहीं आया तब परिवार के लोगों ने अंदर देखा। भीतर वह अपनी लुंगी के सहारे फांसी पर लटका हुआ था। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। करेली इंस्पेक्टर विनीत सिंह के मुताबिक घरेलू कलह से ऊबकर उसके फांसी लगाए जाने की बात सामने आई है। राधेश्याम करेलाबाग में बालू ढुलाई का काम करता था।