इलाहाबाद(ब्यूरो)। मध्य प्रदेश में हुए हादसे के बाद उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन में रेल प्रशासन ने पेट्रोलिंग शुरू करा दी है। खास तौर से उन इलाकों को चिह्नित किया गया है जहां तेज बारिश से रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंच सकता है। बुंदेलखंड जोन को इस मामले में ज्यादा संवेदनशील माना गया है। बुधवार को एनसीआर के सीपीआरओ बिजय कुमार ने बताया कि हर बार मानसून में पेट्रोलिंग कराई जाती है। पेट्रोलिंग में दो कर्मचारी रहते हैं। जो एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच रात में गश्त लगाते हैं। इस दौरान ट्रैक के दोनों छोर में कर्मचारी रहते हैं। स्टेशन पहुंचने के बाद वह अपनी रिपोर्ट देते हैं। अभी इस जोन में बारिश कम हुई है, फिर भी एनसीआर प्रशासन एहतियातन पेट्रोलिंग शुरू कराने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगर कहीं तेज बारिश होती है तो जोन में तमाम पुलिया के दोनों ओर चौकीदार भी तैनात किए जाते हैं। ताकि अगर कहीं कोई नुकसान हो उसकी खबर रेलवे को समय से मिल जाए।
अपनों का हाल जानने को बेचैन रहे उनके परिजन
इलाहाबाद(ब्यूरो)। कामायनी और मुंबई जनता एक्सप्रेस हादसे की खबर मिलते ही इलाहाबाद जंक्शन पर सुबह से ही अफरा तफरी का माहौल बन गया। इन ट्रेनों में सवार कर रहे यात्रियों की कुशलक्षेम जानने के लिए उनके परिजन सुबह ही जंक्शन पर इकट्ठा हो गए। परिजनों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जंक्शन पर यात्री सुविधा केंद्र में हेल्प लाइन काउंटर खोल दिया। इस काउंटर में दोनों ट्रेनों में इलाहाबाद आने वाले एवं यहां से जाने वाले यात्रियों की पूरी सूची थी। इसके अलावा यात्री सुविधा के मद्देनजर रेलवे ने हेल्प लाइन नंबर भी वहां चस्पा दिए। ताकि यात्री फोन पर पूछताछ कर सकें। रेलवे की ओर से इलाहाबाद, कानपुर, मिर्जापुर के लिए हेल्प लाइन नंबर जारी किए गए।
हेल्प लाइन नंबर
इलाहाबाद- 0532-2408149, 2408128, 2407353
कानपुर - 0512- 2323015, 16, 18
मिर्जापुर - 0544 -22095, 96