बीते दिनों जमीन के विवाद की सूचना पर मेजा के भइयां गांव पहुंची पुलिस टीम पर हमले के मामले में डीसीपी यमुनानगर ने बड़ी कार्रवाई की है।
मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद लापरवाही एवं गिरफ्तारी के बाद आरोपियों की पिटाई करने के आरोप में डीसीपी यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दरोगा देवेंद्र कुमार और महिला दरोगा कुसुमलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
भइयां गांव में जमीन के विवाद की सूचना पर कोहड़ार पुलिस चौकी के दरोगा देवेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का आरोप लगा था। आरोप है कि मौके पर मौजूद लोगों ने दरोगा देवेंद्र कुमार के साथ मारपीट करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी थी।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रमा प्रसाद मिश्र समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर अगले दिन न्यायालय में पेश किया था। हालांकि न्यायालय ने पांचों आरोपियों को मुचलके पर जमानत दे दी थी। साथ ही सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने का आदेश भी दिया था।
आरोप था कि पुलिस ने आरोपियों की थाने पर पिटाई की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी यमुनानगर मनीष कुमार शांडिल्य ने एसीपी मेजा बृजेश पाठक को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी थी। एसीपी मेजा ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट डीसीपी को सौंप दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीसीपी ने दरोगा देवेंद्र कुमार और महिला दरोगा कुसुमलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।