इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में छात्रसंघ चुनाव 23 सितंबर से चार अक्तूबर के बीच कराया जाएगा। मंगलवार को इविवि के चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में हुई इविवि, जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक में इस पर सहमति बनी। चुनाव अधिकारी प्रो. आरके उपाध्याय जल्द ही इसका विस्तृत कार्यक्रम जारी करेंगे।
हालांकि अभी बीए, बीएससी और बीकॉम में नवप्रवेशियों के आईकार्ड बनने शुरू नहीं हुए हैं। आईकार्ड बनने के बाद उनके नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे। इस बीच चुनाव चार अक्तूबर से पहले कराए जाने पर सहमति बन गई है, सो इविवि प्रशासन को चुनाव की तैयारियों में और तेजी लानी होगी। बैठक में तय हुआ जल्द ही चुनाव का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा। बैठक में चुनाव अधिकारी समेत चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरएस दुबे, एडीएम सिटी एसके कनौजिया, एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, सीओ सिटी आलोक मिश्र, डीएसडब्ल्यू प्रो. हर्ष कुमार, सुरक्षा अधिकारी अजय सिंह आदि मौजूद रहे। उधर, संभावित प्रत्याशियों ने भी इविवि परिसर, हॉस्टलों और डेलीगेसियों में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इविवि प्रशासन की चेतावनी का कोई असर नजर नहीं आ रहा है। इविवि परिसर के आसपास और शहर के प्रमुख चौराहों एवं अन्य स्थानों पर संभावित प्रत्याशियों के बैनर-होर्डिंग्स लगे हुए हैं।