वॉल पेंटिंग में चिलम सेवा आयोग लिखा
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने मंगलवार को एक दिवसीय भूख हड़ताल के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रतियोगियों ने इस दौरान आयोजित धरना प्रदर्शन में भ्रष्टाचार के खिलाफ रोजगार की लड़ाई तेज करने का संकल्प व्यक्त किया गया। परीक्षार्थियों ने 30 जून को बैंक रोड से लोक सेवा आयोग तक भ्रष्टाचार विरोधी मशाल जूलूस निकालने का संकल्प लिया। भ्रष्टाचार में लिप्त परीक्षा नियंत्रक के साथ सचिव जगदीश, अध्यक्ष अनिरूद्घ यादव सहित सभी आरोपियों को दंडित करने की मांग की है। एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती निरस्त करके छह महीने में नहीं परीक्षा कराई जाए। परीक्षार्थियों ने रोजगार बोर्ड एवं आयोग में व्याप्त भ्रष्टाचार रोकने के लिए जवाबदेही तय करने की बात कही। धरना प्रदर्शन में सुनील मौर्य, पवन गुप्ता, निरंजन देव, अनुराग वर्मा, सुनील यादव, प्रेम प्रकाश शुक्ला, रवि प्रकाश, महेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।