Students sorrounded UPPSC, demands to out lt grade result
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय के अंतिम चयन परिणाम की मांग को लेकर एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में डटे रहे। अभ्यर्थियों ने धरना-प्रदर्शन जारी रखने और 17 जनवरी से आमरण अनशन करने का निर्णय लिया है।
विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने कहा कि बुधवार को भले ही मकर संक्रांति का अवकाश हो लेकिन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। तय हुआ कि 17 जनवरी से प्रतियोगी छात्र मनोज वर्मा, बृजेश सिंह, अखिलेश पटेल और दीपक कुमार आयोग के गेट नंबर पांच पर आमरण अनशन करेंगे। छात्रों ने कहा कि माह भर पहले आयोग अध्यक्ष के साथ हुई वार्ता केवल दिखावा थी। केस डायरी का बहाना बनाकर अभ्यर्थियों को छला गया। अभ्यर्थियों ने कहा कि आयोग के झूठे आश्वासन का नतीजा है कि अभ्यर्थियों को 37वीं बार धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के तहत 15 विषयों में शिक्षकों के 10768 पदों पर भर्ती होनी है। इनमें दो सबसे प्रमुख विषयों हिंदी और सामाजिक विज्ञान में शिक्षकों के 3287 पदों का अंतिम चयन परिणाम घोषित नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों को आशंका है कि आयोग इन दोनों विषयों का रिजल्ट जारी करने के पक्ष में नहीं है और इसी वजह से हर बार आंदोलन करने पर रिजल्ट जारी न करने के पीछे अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं। एलटी समर्थक मोर्चा संयोजक विक्की खान ने कहा कि रिजल्ट आने तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि केस डायरी मामले में 16 जनवरी को हाईकोर्ट में सुनवाई है। अगर आयोग इसके बाद उचित कदम नहीं उठाता है तो विरोध और तीव्र होगा। इस दौरान अनिल उपाध्याय, अपर्णा पांडेय, विभा, रानी पटेल, कुसुम यादव समेत सैकड़ों प्रतियोगी छात्र मौजूद रहे।