कौड़िहार (इलाहाबाद)। नवाबगंज इलाके में शनिवार रात हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रशासन के भतीजे अंकित मिश्र (25) निवासी कंजिया नवाबगंज को घर से बुलाकर कत्ल कर दिया गया। कोखराज -हंडिया बाईपास पर नवाबगंज टोल प्लाजा से लगभग पांच सौ मीटर दूर छात्र का खून से लथपथ शव मिला। नवाबगंज पुलिस ने दुर्घटना में छात्र के मौत की खबर घरवालों को दी। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने नवाबगंज थाने में नामजद तहरीर दी है। उनका आरोप था कि उसे फोन कर बुलाया गया और मारकर हाईवे पर फेंका गया।
नवाबगंज में कंजिया के रहने वाले रामनारायण मिश्र गांव में ही रहते हैं। उनके दो बेटों और एक बेटी में बड़ा अंकित मिश्र शहर के राजापुर इलाके में कमरा लेकर इंजीनियरिंग की कोचिंग करता था। शनिवार रात सात बजे अंकित ने मां को बताया कि दोस्त का फोन है। मिलकर आ रहा है। रात साढ़े आठ बजे नवाबगंज पुलिस ने अंकित की ट्रक से कुचलकर मौत की सूचना दी। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का आरोप था कि पुलिस हत्या को दुर्घटना का रूप दे रही है। अंकित की प्लैटिना बाइक में जरा भी खरोंच नहीं है। शरीर पर भी कहीं चोट नहीं है। केवल सिर में एक तरफ गहरा जख्म है।
जो कि हादसे का नहीं बल्कि ईंट या हथौड़े की चोट का है। अंकित चाचा अजय मिश्र ने बताया कि उसकी बाइक सड़क पर खड़ी थी। अजय के मुताबिक भतीजे का प्रेम प्रपंच में कत्ल हुआ है। 25 अगस्त को अंकित का गांव के कुछ लड़कों ने अगवा कर मार-पीट कर छोड़ा था। एसओ नवाबगंज दीपक पांडेय ने बताया कि परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर पर मुकदमा लिखकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट से साफ हो जाएगा कि छात्र का कत्ल हुआ या दुर्घटना में मौत हुई।