मानक के अनुरूप नाश्ता और भोजन नहीं मिलने पर आश्रम पद्धति विद्यालय के विद्यार्थियों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एडीएम सिटी को ज्ञापन सौंपा। अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई और ठेकेदार को काली सूची में डालने का निर्देश दिया।
सलोरी स्थित विद्यालय से तीन किमी पैदल कलक्ट्रेट पहुंचे छात्रों का आरोप है कि मानक के अनुसार नाश्ता और भोजन नहीं दिया जाता है। नियमित कक्षाएं नहीं चलती। छात्रावास में गंदगी है और खेलकूद की कोई सामग्री नहीं मिलती है।
नियमित कापी-किताब और तेल-साबुन भी नहीं दिया जाता है। कक्षा दस के छात्रों को प्रोजेक्ट में कम नंबर देने की धमकी दी जाती है। विकास विद्यालय आवासीय परिसर ईश्वर शरण आश्रम में भोजन परोसने का ठेका कानपुर की संस्था मेसर्स वीके ट्रेडर्स को दिया गया है। इसके एवज में संस्था को प्रति छात्र 73 रुपये भुगतान किया जाता है।
-
प्रधानाचार्य के पत्र पर गंभीर नहीं हुए जिम्मेदार
विद्यालय के प्रधानाचार्य एसपी तिवारी ने 22 अगस्त को जिला समाज कल्याण अधिकारी को पत्र लिखा था कि विद्यालय के छात्रों ने उनका घेराव कर आरोप लगाया है कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण नाश्ता और भोजन नहीं मिल रहा है। मेस चलाने वाली संस्था के कारीगरों से इस बारे में पूछने पर सामग्री का अभाव बताया जाता है। संस्था को चेतावनी दी जा चुकी है, बावजूद कोई सुधार नहीं हो रहा है।
-
छात्रों को उकसा कर शिक्षकों ने कराया प्रदर्शन
सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में प्रधानाचार्य और शिक्षकों के बीच की गुटबाजी भी सामने आई है। नाम न छापने की शर्त पर छात्रों ने बताया कि उन्हें कुछ शिक्षकों ने ही कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने के लिए कहा, लेकिन खुद साथ नहीं गए। पैदल तीन किमी जाने-आने से थक गए।
-
विद्यालय का हर सप्ताह निरीक्षण कर छात्रों की दिक्कतों को दूर किया जाएगा। भोजन उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने के बाद कार्रवाई होगी। - रामशंकर पटेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी