यूपी टीईटी का पेपर आउट होने से अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों में सरकार के प्रति काफी गुस्सा व्याप्त है। आईसा, इंकलाबी नौजवान सभा, एनएसयूआई, समजावादी छात्र सभा और युवा मंच कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और पुतला फूंका।
आईसा और इंकलाबी नौजवान सभा की ओर से सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश सचिव सुनील मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार परीक्षा कराने व रोजगार देने में फेल हो गई है। टीईटी की परीक्षा पूरी तरह से ही सरकार के नाकाम होने की कहानी बयां करती है।
प्रदर्शन में मनीष कुमार, शिवम चौधरी, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने इविवि छात्रसंघ भवन पर सीएम योगी का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अक्षय यादव, प्रदेश प्रवक्ता चन्द्रशेखर अधिकारी आजाद, अजय पांडेय आदि मौजूद रहे। समाजवादी छात्रसभा की ओर से विवि में प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष अखिलेश गुप्ता ने कहा कि टीईटी पेपर लीक होना नौजवानों के भविष्य पर कुठाराघात है।
प्रदर्शन में रोहित यादव, अक्षित यादव, अतीक अहमद, मसूद अंसारी आदि मौजूद रहे। दिशा छात्र संगठन ने पेपर लीक होने के विरोध में सलोरी में प्रदर्शन करके योगी सरकार का पुतला फूंका। संगठन के अविनाश ने कहा कि योगी सरकार के पिछले साढ़े 4 साल के कार्यकाल में कोई भी ऐसी परीक्षा नहीं हुई जो भ्रष्टाचार या धांधली की भेंट न चढ़ी हो। विरोध प्रदर्शन में धर्मराज, अंबरीश, सौम्या, उपेन्द्र, रजनीश, शिवा, प्रसेन, अमित, विकास, चन्द्रप्रकाश आदि शामिल रहे।
इविवि में छात्रसंघ भवन पर संयुक्त संघर्ष समिति ने टीईटी परीक्षा का पेपर लीक होने पर सरकार की निंदा की । युवा मंच ने भी पेपर लीक प्रकरण में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। संयोजक राजेश सचान ने कहा कि सरकार प्राथमिक शिक्षक भर्ती विज्ञापन को जारी न करने के मकसद में कामयाब हो गई है,लेकिन प्रदेश का युवा हरगिज ऐसा नहीं होने देगा। प्रदर्शन में युवा मंच महासचिव अनंत प्रकाश सिंह, राज कुमार द्विवेदी, सूर्य प्रकाश चौधरी आदि मौजूद रहे।