मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी (एमएनएनआईटी) में छात्रों को प्लेसमेंट और तकनीकी इंटरव्यू के लिए तैयार करने के लिए दो विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू किया गया है। प्रत्येक कार्यक्रम 60 घंटे का होगा।
इनोवेशन एंड इन्क्यूबेशन हब एमएनएनआईटी फाउंडेशन (आईआईएचएमएफ) की ओर से ‘डाटा स्ट्रक्चर्स एंड एल्गोरिदम्स फॉर प्लेसमेंट’ और ‘प्रोग्रामिंग मशीन्स फॉर एआई’ नाम से दो कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
प्रत्येक पाठ्यक्रम की फीस 2950 रुपये निर्धारित की गई है। पंजीकरण 15 सितंबर से शुरू हो चुके हैं। कक्षाएं 10 अक्तूबर से शुरू होंगी। सीमित सीटों के कारण छात्रों को जल्द पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है।
पहले कार्यक्रम में डाटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, कोडिंग लॉजिक, समस्या समाधान और तकनीकी इंटरव्यू की तैयारी पर जोर रहेगा। वहीं, दूसरे कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और वास्तविक जीवन में एआई के उपयोग की बुनियादी समझ विकसित कराई जाएगी। संवाद
शनिवार-रविवार को कैंपस में प्रोजेक्ट वर्क
कार्यक्रमों की खासियत इनका प्रैक्टिकल और इंडस्ट्री ओरिएंटेड स्वरूप है। शनिवार और रविवार को एमएनएनआईटी परिसर में ऑफलाइन प्रोजेक्ट और समस्या समाधान सत्र आयोजित किए जाएंगे। छात्रों को हैंड्सऑन एक्सरसाइज और वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित कार्य भी कराया जाएगा।
विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय उन्हें वास्तविक समस्याओं पर काम करने और अपने तकनीकी कौशल को व्यवहार में उतारने का अवसर देना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इससे विद्यार्थी प्लेसमेंट और बदलती तकनीकी जरूरतों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। -डॉ. राम कुमार मिश्रा, सीईओ, आईआईएचएमएफ