फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: डंपर की चपेट में आने से छात्रा की माैत, प्रेमी और दोस्त जख्मी

Sun, 12 Oct 2025 02:46 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
रितिका की फाइल फोटो
विज्ञापन
प्रेमी संग बाइक से जा रही छात्रा की शुक्रवार देर रात म्योहाल चौराहे के पास डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार प्रेमी और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल प्रेमी का कहना है कि छात्रा के शरारत करने पर उसके हाथ से अचानक बाइक की हैंडिल छूट गई, जिसकी वजह से इतनी बड़ी घटना घटी। दूसरी ओर छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि मना करने के बाद भी प्रेमी उनकी बेटी को घर से जबरन लेकर गया।
विज्ञापन


शिवकुटी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी राजेश पुष्पाकर फूल माला डेकोरेशन का काम करते हैं। रितिका (18) उनकी इकलाैती और बड़ी बेटी थी, जबकि छोटा बेटा है। वह 12 वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। राजेश ने बताया कि उनका गोविंदपुर के अलावा फाफामऊ में भी मकान है। शुक्रवार को रितिका फाफामऊ स्थित घर पर ही थी। आरोप है कि रात करीब नौ बजे तेलियरगंज निवासी प्रियम पुष्पाकर उनके घर पहुंचा और बेटी को साथ ले जाने की बात करने लगा। उनके मना करने के बाद भी वह नहीं माना। इस पर उन्होंने कहा कि ले जा रहे हो पर बेटी को गोविंदपुर स्थित घर पर छोड़ देना। इसके बावजूद उसने बेटी को घर पर नहीं छोड़ा और अपने एक साथी तौफिक के साथ उसे सिविल लाइंस लेकर जाने लगा। इस दाैरान रास्ते में ही डंपर की चपेट में आने से उनकी बेटी की मौत हो गई।



प्रेमी बोला- छात्रा के शरारत करने पर हुआ हादसा

अस्पताल में भर्ती प्रियम ने बताया कि वह रितिका से प्रेम करता था। इस बात की जानकारी दोनों के परिजनों को थी। उसने छात्रा के पिता के आरोप को गलत बताया। कहा कि रितिका के पिता ने ही उसे फोन कर खाना खाने व रितिका को गोविंदपुर छोड़ने के लिए बुलाया था। वहां पहुंचने के बाद उनके दोस्त तौफिक का फोन आ गया। तेलियरगंज पेट्रोल पंप के पास तौफिक उससे मिला। उसने कॉल्विन में भर्ती अपनी दीदी के पास जाने के लिए कहा। इस दाैरान रितिका को उसने घर छोड़ने के लिए कहा लेकिन वह भी साथ जाने की जिद करने लगी। तीनों बाइक से जा रहे थे तभी म्योहाल चौराहे के पास रितिका ने उसके गले में अंगुली चुभो दी, जिससे अचानक एक हाथ से हैंडिल छूट गई और बाइक अनियंत्रित होकर बगल से निकल रहे डंपर की चपेट में आ गई। इसकी चपेट में आने से रितिका की माैके पर मौत हो गई। उन दोनों की आंख खुली तो वे अस्पताल में थे।
विज्ञापन




पिता लगा रहे थे बेटी को धक्का देकर हत्या का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से हादसे की पुष्टि

शुक्रवार देर रात हुई घटना की सूचना मिलते ही रोते बिलखते रितिका के परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटी को मृत देख परिवार के लोग प्रेमी के ऊपर आग बबूला हो उठे। पिता ने कहा मना करने के बाद भी प्रियम उनकी बेटी को लेकर गया और डंपर के नीचे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को दिन भर परिवार के लोग कर्नलगंज थाने में डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, जिसमें धक्का देने का आरोप झूठा निकला। इसके बाद परिवार के लोग पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार हुए। कार्यवाहक प्रभारी ताराचंद्र ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत की पुष्टि हुई है। अज्ञात डंपर की तलाश की जा रही है।

रितिका की फाइल फोटो

रितिका की फाइल फोटो

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें