student dead body found in suspicious condition at Kidganj
- फोटो : CITY DESK
कीडगंज में संदिग्ध हाल में छात्र की मौत का मामला
प्रयागराज। कीडगंज के बैरहना में प्रतियोगी छात्र विष्णु द्विवेदी (20) की संदिग्ध हाल में मौत का राज दूसरे दिन भी नहीं खुल सका। पोस्टमार्टम में भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। जिसके बाद विसरा प्रिजर्व कर लिया गया। उधर भाई ने हत्या का आरोप लगाया है।
मध्य प्रदेश के सतना जनपद के मझिगंवा पिंडरा निवासी विष्णु पुत्र सुरेन्द्र द्विवेदी तीन भाइयों में छोटा था। वह बैरहना में दीपक कुमार के घर किराये के कमरे में रहता था। रविवार रात वह शादी से वापस लौटा और कमरे में सो गया। सोमवार सुबह काफी देरतक जब नहीं जगने पर अगल-बगल रहने वाले छात्र उसके कमरे में गए तो वह अचेत मिला। जिसके बाद उसे एसआरएन पहुंचाया गया जहंा डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर पर रात में ही परिजन पहुंच गए और मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ। हालांकि मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने से विसरा प्रिजर्व कर लिया गया।
उधर मर्चरी पहुंचे मृतक के भाई अरविंद ने आशंका जताई है कि उसके भाई की हत्या हुई। उसका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने के साथ ही वह रियल इस्टेट कंपनी में भी काम करता था। उसका कुछ लोगों से रुपयों के लेनदेन का विवाद था। मामले में उन दोस्तों की भूमिका भी संदिग्ध है जिसके साथ वह शादी में गया था। मामले में कीडगंज इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच की जा रही है।