मीरगंज। दिल्ली से आए सॉफ्टवेयर इंजीनियर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद बुधवार को पुलिस-प्रशासन ने मोहल्ला मेवात टीचर कॉलोनी स्थित उसके घर की गली को सील कर दिया है। सुबह नगर पंचायत की टीम ने पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज किया। वहीं सीएचसी की टीम ने फिर से सर्वे शुरू कर दिया है। बुधवार को 628 घरों का दोबारा सर्वे किया गया। दस लोग बाहर से आए मिले। उन्हें टीम ने होम क्वारंटीन कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की 22 टीमों ने पूरे हॉटस्पॉट की छानबीन की। वहीं हॉटस्पॉट खुलने के लिए एक एक दिन काट रहे मोहल्ले वालों की एक और संक्रमित मिलने से धड़कनें बढ़ गई हैं। उनका कहना है कि मोहल्ले वालों पर पुलिस प्रशासन ने पाबंदियां लगा दी हैं, लेकिन बाहर से आने वालों पर पाबंदी क्यों नहीं लगाई जा रहीं, जोकि रोजाना बड़ी संख्या में मोहल्ले में घूम रहे हैं। संवाद