प्रयागराज। दारागंज स्थित जीटी जवाहर चौराहे पर शुक्रवार दोपहर स्कूली छात्रों ने सिटी बस पर पथराव किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ स्कूली छात्र शुक्रवार दोपहर एक सिटी बस पर सवार होकर जीटी जवाहर की ओर जा रहे थे। भीड़ काफी होने के चलते कुछ छात्र गेट पर लटके हुए थे और इसी दौरान बगल से गुजरे टेंपो से एक छात्र को धक्का लग गया। इस पर छात्र आक्रोशित हो उठे और टेंपो चालक को सबक सिखाने के लिए उन्होंने बस से उतरना चाहा। हालांकि चालक ने बस नहीं रोकी जिस पर वह आक्रोशित हो उठे। जीटी जवाहर चौराहे पर रेड सिग्नल देखकर जैसे ही चालक ने बस रोकी, नीचे उतरे छात्र पथराव कर भाग निकले। जिससे वहां हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि पुलिस ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया।