सीट न मिलने की वजह से अंत्योदय एक्सप्रेस में रविवार की सुबह प्रयागराज के हंडिया स्टेशन पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इससे ट्रेन की खिड़की का शीशा टूट गया। डीआरएम वाराणसी एवं रेलमंत्री से इसकी सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शिकायत की गई है। हालांकि घटना की पुष्टि न होने पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि अहमद रजा नाम के यात्री ने पथराव के संबंध में सूचना दी। इसकी डीआरएम वाराणसी के एक्स पर शिकायत आई। पांच सेकेंड के वीडियो में ट्रेन के एक कोच की खिड़की का शीशा टूटा हुआ नजर आ रहा है। साथ ही यात्रियों की सीट पर कांच और अन्य चीजें बिखरी पड़ी भी दिखाई दे रही है। हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
दरअसल, अंत्योदय एक्सप्रेस में सभी जनरल कोच ही रहते हैं। यह ट्रेन बिहार के रक्सौल से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस तक जाती है। प्रत्येक रविवार को यह ट्रेन प्रयागराज आती है। रविवार की सुबह 5:20 बजे ट्रेन जैसे ही हंडिया स्टेशन पहुंची, इसमें चढ़ने के लिए लोगों की कतारें लग गईं। ऐसे में भीड़ को देखते हुए यात्रियों ने दरवाजा तक नहीं खोला। इससे अन्य यात्री नाराज हो गए।
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रेन चली, नाराज यात्रियों ने ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया। इनमें से किसी यात्री ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद रामबाग जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर गई, लेकिन कहीं भी घटना की पुष्टि नहीं हुई।