डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भू-माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश अफसरों को दिया है। सोमवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भू माफिया के खिलाफ अब प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग में अब टेंडर की प्रक्रिया में बदलाव करने की भी बात कही। कहा, अब रेलवे की तर्ज पर पीडब्ल्यूडी में भी ई-टेंडरिंग होगी।
इलाहाबाद न्यूज रिपोर्टस क्लब (प्रेस क्लब) की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि भू माफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार सख्ती से पेश आएगी। इसके लिए अब जल्द ही अभियान शुरू होगा। डिप्टी सीएम के मुताबिक किसी की भी जमीन पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी में पारदर्शिता लाने के लिए अब ई-टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही पीडब्ल्यूडी के सभी ठेकों से गुंडे और माफिया को भी बाहर किया जाएगा। पिछली सरकार के कार्यकाल में जो भी भ्रष्टाचार हुए है उसकी भी जांच होगी। केशव ने कहा कि सरकार की हर योजनाओं को गरीबों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाएगा।
भाजपा के संकल्प पत्र में भी बातें है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। यूपी में शराबबंदी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा ने शराबबंदी का कोई वादा नहीं किया है, लेकिन इसके लिए कुछ रास्ते जरूर निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब ऐसे स्थानों पर शराब की दुकानें नहीं रहेंगी, जहां आसपास मंदिर, मस्जिद या कोई अन्य धार्मिक स्थल है। स्कूल-कालेजों के आसपास भी शराब की दुकानें नहीं रहेंगी। हाइवे पर भी जो शराब की दुकानें है उसे हटाया जाएगा। केशव के मुताबिक प्रदेश में गुंडागर्दी रोकने के लिए भी कदम उठाए गए हैं। चिकित्सा सुविधा का भी विस्तार किया जाना है। आने वाले दिनों में प्रदेश वासियों को सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा।