सामूहिक नकल के मामले में प्रो.राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय ने आठ परीक्षा केंद्रों को निरस्त कर दिया है। इनमें प्रयागराज के छह, प्रतापगढ़ व कौशाम्बी के एक-एक केंद्र शामिल हैं। 17 मई से इन केंद्रों के परीक्षार्थियों की परीक्षाएं दूसरे केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। यह निर्णय बुधवार को राज्य विवि की परीक्षा समिति की बैठक में लिया गया।
कुलपति प्रो.अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि राज्य विवि के संबद्ध महाविद्यालयों की वार्षिक एवं सम सेमेस्टर की परीक्षाएं दो मई से प्रारंभ हैं। इस बीच सीसीटीवी कैमरों व सचल दस्तों के जरिये लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। सचल दस्तों की रिपोर्ट में आठ महाविद्यालयों में सामूहिक नकल की शिकायत मिली है। इन केंद्रों को निरस्त करते हुए वहां परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों को दूसरे केंद्रों में शिफ्ट कर दिया गया है।
निरस्त किए गए आठ केंद्रों में 15 व 16 मई को पर्यवेक्षकों की निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। 17 मई से परीक्षार्थी दूसरे केंद्रों पर परीक्षा देंगे। परीक्षा समिति की अगली बैठक में इन केंद्रों को डिबार किए जाने पर निर्णय लिया जाएगा। सामूहिक नकल के मामलों में परीक्षा केंद्र को तीन साल के लिए डिबार किए जाने का प्रावधान है।
निरस्त किए गए केंद्र - नए परीक्षा केंद्र
बाल गोविंद पटेल स्मारक डिग्री कॉलेज सुल्तानपुर खास प्रयागराज - ओम महाविद्यालय भदरपुर सिकंदरा प्रयागराज
जय नारायण स्मारक डिग्री कॉलेज सुल्तानपुर खास प्रयागराज- यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट नैनी प्रयागराज
आदर्श जनता महाविद्यालय शास्त्रीनगर सोरांव प्रयागराज - गंगा डिग्री कॉलेज सोरांव प्रयागराज
सत्यम शिवम शुभम डिग्री कॉलेज टिकरी प्रयागराज - बीबीएस इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज फाफामऊ प्रयागराज
एमएएस डिग्री कॉलेज शेखपुर आशिक कुंडा प्रतापगढ़ - कृपालु महिला महाविद्यालय कुंडा प्रतापगढ़
श्री रघुराज सिंह महाविद्यालय कौशाम्बी - राम सजीवन सिंह महाविद्यालय जयंतीपुर कौशाम्बी
उर्मिला देवी डिग्री कॉलेज रसार बरौत हंडिया प्रयागजराज - डिग्री कॉलेज उपरदहा बरौत प्रयागराज
श्रीमती नीतू देवी बिंद महाविद्यालय भगौतीपुर धोबाहा हंडिया प्रयागराज - डिग्री कॉलेज उपरदहा बरौत प्रयागराज