उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 544 पदों पर करेगा सीधी भर्ती
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के राजकीय आयुर्वेदिक विभाग में आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी के 544 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 13 से 28 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने बृहस्पतिवार को साक्षात्कार का कार्यक्रम जारी कर दिया।
आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी के जिन 544 पदों पर भर्ती की जानी है, उनमें 404 पद अनारक्षित, 111 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 29 पद अनुसचित के लिए आरक्षित हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 13, 14, 15, 17, 18, 19, 20, 22, 24, 25, 26, 27 एवं 28 फरवरी को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इन पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग परीक्षा 30 सितंबर 2018 को आयोजित की गई थी। आयोग ने स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर इंटरव्यू के लिए चयनित अभ्यर्थियों के रजिस्ट्रेशन नंबर वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दिए हैं। स्क्रीनिंग परीक्षा की मेरिट के आधार पर श्रेणीवार नियत कटऑफ प्राप्तांक से कम अंक वाले अभ्यर्थियों, अधिव्यस्क एवं दिव्यांगता की चिह्नित श्रेणी से भिन्न श्रेणी वाले अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र उनके अनर्ह होने के कारण अस्वीकृत कर दिए गए हैं। उप सचिव लखन लाल शिवहरे के अनुसार स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्ताकों की सूचना अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद की जाएगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती का रिजल्ट जारी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर स्किल एंड वीडी के 13 पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। हालांकि अर्ह अभ्यर्थी न मिलने के कारण नौ पदों पर भी अंतिम चयन हुआ। 13 पदों के लिए हुई सीधी भर्ती में सात अनारक्षित, चार अन्य पिछड़ा वर्ग एवं दो पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इनमें से नौ पदों पर श्वेता कुमारी, रश्मि सिंह, रुचिका त्रिपाठी, ईशा सिंह, अमित शेखर, श्वेतांक, युगल राजपूत, सुवाष साहू एवं राहुल बाल्मीकि को अंतिम रूप से चयनित घोषित किया गया है। ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित पदों में से अवशेष तीन पदों और एससी वर्ग के लिए आरक्षित एक पद के लिए अर्ह अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण इन रिक्त पदों के लिए पुनर्विज्ञापन की संस्तुति की गई है।