इलाहाबाद(ब्यूरो)। म्योराबाद स्थित सेंट पीटर्स चर्च के आसपास फैली गंदगी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। चर्च आराधना भवन के सामने स्थित मैदान का बड़ा हिस्सा कूड़ा अड्डा में तब्दील हो गया है। यहां मोहल्लों का कूड़ा डंप करने के साथ ही मरे जानवर भी फेंके जा रहे हैं।
फादर प्रवीण मैसी का कहना है कि गंदगी और मरे जानवर के कारण यहां जबरदस्त दुर्गंध रहती है। आराधना करने में भी बाधा उत्पन्न होती है। बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। नगर निगम के इस रवैये से मसीही समाज में आक्रोश है। उनका कहना है कि इस संबंध में नगर निगम के अफसरों से कई बार शिकायत की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
00
चार दिन में की जाए सड़कों की मरम्मत
इलाहाबाद(ब्यूरो)। दशहरा, दुर्गा पूूजा और मोहर्रम के मद्देनजर महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने नगर आयुक्त शेषमणि पांडेय को सड़कों की मरम्मत, जाम सीवर लाइन की सफाई और टूटे सीवर के ढक्कनों को बदलने का काम 26 सितंबर तक करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि मेला मार्गों, दुर्गा पूजा पंडालों एवं मेला क्षेत्र के संपर्क मार्ग, स्ट्रीट लाइट समेत सभी काम तय समय पर पूरे कराए जाएं। उधर, मुट्ठीगंज में हुई बैठक में पार्षद दिपेश कुमार यादव ने दशहरा एवं दुर्गा पूजा के मद्देनजर आर्य कन्या चौराहा, पंचकोशी रोड, लक्ष्मी नारायण रोड, हटिया गोलघर रोड की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई लेकिन मरम्मत नहीं की गई। बैठक में आशु शुक्ला, रवींद्र श्रीवास्तव, शेखजी, कुलदीप सिंह, पंकज यादव, प्रदीप कश्यप आदि शामिल थे।
कच्ची सड़कों को बनवाने की मांग
इलाहाबाद(ब्यूरो)। बेनीगंज स्थित जाफरी कॉलोनी, आनंदपुरम की कच्ची सड़क बनवाने के लिए स्थानीय महिलाओं ने बृहस्पतिवार को नगर निगम में महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने बताया कि यहां की मुख्य सड़क कच्ची है, जिसे अब तक नहीं बनाया गया। मोहल्ले से गुजर रहा नाला कचरे के कारण जाम हो चुका है। इसकी वजह से गंदा पानी कच्ची सड़क पर भरा रहता है। बारिश में गंदा पानी घरों में भी घुस जाती है। गंदगी के कारण बच्चे बीमार हो रहे हैं। शैला शुक्ला के नेतृत्व में पहुंची महिलाओं ने बताया कि पिछले वर्ष जुलाई में भी सड़क मरम्मत के लिए गुहार लगाई गई थी, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया या। महिलाओं ने इस मामले में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
सांसद केशव के बयान पर नाराजगी
इलाहाबाद(ब्यूरो)। नगर निगम में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में सपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद डॉ.संजय यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सांसद सपा के खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उन्हें इस पर नियंत्रण करना चाहिए। बैठक में पार्षद रेखा उपाध्याय, गुड्डी यादव, शम्स तवरेज, अमित किरन सिंह आदि मौजूद थे।
समाजवादी विचारक डॉ.मोहन सिंह की पुण्यतिथि मनाई
इलाहाबाद(ब्यूरो)। सपा युवजन सभा की ओर से समाजवादी चिंतक एवं विचारक डॉ.मोहन सिंह की बृहस्पतिवार को तीसरी पुण्यतिथि मनाई गई। अल्लापुर में हुए कार्यक्रम में सपा महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में मोहन सिंह की भूमिक ा पर प्रकाश डाला। पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ.नूर आलम ने कि वह समाजवादी चिंतक ही नहीं, एक पाठशाला थे। संयोजन सभा के महानगर अध्यक्ष राहुल सिंह तथा संचालन रवि यादव ने किया। इसमें मंजू यादव, सुनीता बोस, भोला पाल, सत्येंद्र मिश्रा, विशाल सिंह, सचिन, अनुराग, मुकेश शुक्ला आदि शामिल थे।
डीम्ड कर निर्धारण के बजाए भेज रहे नोटिस
इलाहाबाद(ब्यूरो)। द टैक्स बार एसोसिएशन की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में वित्तीय वर्ष 2013-14 के डीम्ड कर निर्धारण पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि वाणिज्य कर अधिनियम में डीम्ड कर निर्धारण योजना में दाखिल वादों को सात बिंदुओं पर ही योजना से बाहर किया जा सकता है, अन्यथा निर्धारित तिथि 31 मार्च 2016 तक सभी वाद स्वत: डीम्ड माने जाएंगे। यह अपने आप में एक पक्षीय आदेश है लेकिन विभाग की वेबसाइड पर इसका स्टेट्स पेंडिंग प्रदर्शित कर रहा है। ऐसे वादों में कर निर्धारण के लिए धारा 28 का नोटिस जारी किया जा रहा है, जो विधि विरुद्ध है। कहा गया कि इस समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना आवश्यक है। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष मुन्ना लाल यादव एवं संचालन महामंत्री अरुण कुमार मिश्र ने किया। इसमें विनोद केसरवानी, प्यारे लाल गुप्ता, विनेश प्रताप सिंह, दारा सिंह, अनुज विश्वास, प्रशांत मौर्य, रघुवंश सिंह, प्रकाश पाठक आदि मौजूद थे।