मातहतों की संवेदनहीनता के मामले में शुरू कराई जांच
लालगोपालगंज में कूड़ा गाड़ी में मर्चरी भेजवाया था शव
प्रयागराज। नवाबगंज के लालगोपालगंज में मिले अज्ञात शव को कूड़ा गाड़ी में लदवाकर भेजवाने के मामले को एसएसपी ने बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने मामले की जांच कर सीओ को रिपोर्ट देने को कहा है। माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटना 31 दिसंबर को लालगोपालगंज में हुई थी। जहां पटेल ढाबा के पास खाली पड़े भवन में 50 वर्षीय अधेड़ मृत मिला। काफी कोशिशों के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हुई जिसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू हुई। हालांकि संवेदनहीनता का परिचय देते हुए पुलिसकर्मियों ने शव को लालगोपालगंज नगर पंचायत की कूड़ा ढोने वाली गाड़ी में लदवाकर मर्चरी भेजवाया। इस दौरान उन्होंने अपने विभाग के मुखिया डीजीपी ओपी सिंंह के निर्देशों को भी ताक पर रख दिया। जिसमें कहा गया था कि अज्ञात शवों के निस्तारण के संबंध में विस्तृत गाइडलाइन जारी की थी।
अमर उजाला ने एक दिन पहले इस मामले को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की तो हड़कंप मच गया। उधर मामले की जानकारी एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज को हुई तो उन्होंने इसे बेहद गंभीरता से लिया। साथ ही मामले की जांच भी शुरू करा दी। बताया कि प्रकरण की जानकारी मिली है। जिसके बाद जांच कराई जा रही है। सीओ सोरांव से रिपोर्ट मांगी गई है। उधर मृतक के शव की तीसरे दिन भी शिनाख्त नहीं होने के बाद शुक्रवार को शव का अज्ञात में पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमें बीमारी से मौत होने की बात सामने आई है। नवाबगंज पुलिस का कहना है कि तस्वीरों के माध्यम से शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।