कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की ओर से संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (सीजीएल) 2025 के तहत 48 केंद्रीय मंत्रालयों एवं विभागों में ग्रुप ‘बी’ व ‘सी’ के 14,582 पदों पर भर्ती की जाएगी। एसएससी ने रिक्तयों की संभावित लिस्ट जारी कर दी है।
संभावित रिक्तियों में अनारक्षित श्रेणी के 6183, ओबीसी श्रेणी के 3721, ईडब्ल्यूएस के 1423, एससी श्रेणी के 2167 व एसटी श्रेणी के 1088 पद हैं। सीजीएल-2025 के ऑनलाइन आवेदन नौ जून से चार जुलाई 2025 तक लिए गए थे। एसएससी की ओर से जारी पदों के विवरण के अनुसार वित्त मंत्रालय के आधीन सीबीआईसी में इंस्पेक्टर सेंट्रल एक्साइज के 1306 पद, टैक्स असिस्टेंट के 771, इंस्पेक्टर 353 पद, सीएजी अकाउंटेंट-जूनियर अकाउंटेंट के 180, सीबीडीटी इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के 389, ईपीएफओ में असिस्टेंट-एएसओ के 94 पद हैं।
वहीं, आईबी में असिस्टेंट-एएसओ के 197, डीओपीटी सीएसएस में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के 682, सीजीडीए में ऑडिटर के 1174, एनरआईए में सब इंस्पेक्टर के 14, एनसीबी में सब इंस्पेक्टर नारकोटिक्स के 30, सब इंस्पेक्टर सीबीआई के 93, सीबीडीटी आफिसर सुप्रिटेंडेंट के 6753 पद हैं।
स्टेनोग्राफर परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड ‘सी’ व ‘डी’ परीक्षा-2025 के लिए प्रवेश पत्र व परीक्षा केंद्र वाले शहरों का विवरण जारी कर दिया है। स्टेनोग्राफर ग्रेड परीक्षा छह, सात व आठ अगस्त को आयोजित की जाएगी। वहीं, हिंदी अनुवादक परीक्षा (पेपर-वन) 12 अगस्त को होगी। अभ्यर्थी परीक्षा से दो-तीन दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभी वेबसाइट से परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।