कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की छह प्रमुख भर्ती परीक्षाएं नवंबर 2026 से अप्रैल 2027 तक अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएंगी। नवंबर और दिसंबर में जूनियर इंजीनियर (जेई), सब इंस्पेक्टर (एसआई), कंबाइंड हायर सेकेंडरी लेवल (सीएचएसएल) और कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (सीजीएल) की परीक्षाओं को लेकर हलचल रहेगी। वहीं, जनवरी से मार्च 2027 के बीच जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है।
जेई भर्ती परीक्षा का पेपर-एक 30 नवंबर से एक दिसंबर, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 23 से 28 नवंबर तक प्रस्तावित है। इसके बाद सीएचएसएल टियर-एक परीक्षा 30 नवंबर से 31 दिसंबर तक आयोजित होनी है। सीजीएल 2026 की टियर-दो परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है।
एमटीएस और हवलदार भर्ती भी अहम
एसएससी की ओर से एमटीएस व हवलदार भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन भी नवंबर में निर्धारित कार्यक्रम के तहत किया जाना है। जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2027 जनवरी से मार्च के बीच प्रस्तावित है। इसके माध्यम से केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, एनआईए, एसएसएफ और असम राइफल्स में कांस्टेबल और राइफलमैन के पदों पर भर्ती की जाएगी। ऐसे में नियमित भर्ती परीक्षाओं के साथ विभागीय परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए भी आने वाले महीने महत्वपूर्ण होंगे।